Sonbhadra News : चोपन में धूमधाम से मनाया गया नागपंचमी, दंगल का भी आयोजन
शिवालयों में नागपंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालु सुबह से ही शिव मंदिरों व घरों में पूजा करते नजर आए।

sonbhadra
5:05 PM, August 9, 2024
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । शुक्रवार को नगर सहित आसपास के शिवालयों में नागपंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालु सुबह से ही शिव मंदिरों व घरों में पूजा करते नजर आए। महिलाओं ने घरों की दीवारों पर गोबर से नागदेव की आकृति उकेरकर अपने परिवार की रक्षा का आशीर्वाद मांगा। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शिव मंदिरों मेंं सुबह से भक्तों की भीड़ देखने को मिली। भक्त भगवान शिव की वैदिक विधि विधान से पूजा के बाद नागदेवता को भक्त, दूध, लाई व शक्कर अर्पित करते नजर आए। श्रावण शुक्ल पंचमी में नागदेव की पूजा का विधान है। इस दिन पूजन करने के महादेव के साथ ही अन्य देवी-देवताओं को प्रसन्न किया जा सकता है। लोगों ने अपने अपने घरों में तरह तरह के स्वादिष्ट पकवान बनाकर आनंद लिये । नागपंचमी पर हर साल की तरह इस बार भी शुक्रवार को चोपन बैरियल स्थित रामलीला मैदान में दंगल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने फीता काटकर दंगल का शुभारंभ कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह विशेष रूप से एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जहाँ पहलवान इस दिन अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन करते हैं। दंगल के आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देना और समाज में एकजुटता लाना होता है। इस दिन, लोग कुश्ती देखने के लिए बड़ी संख्या में इकट्ठा होते हैं और पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हैं। इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक मुन्ना लाल गुप्ता, अशोक गुप्ता, बंटी सिंह, श्यामा पटेल, मित्तू साहनी, सुल्तान कुरैशी, दीपू साहनी, रामदेव साहनी इत्यादि लोग उपस्थित रहे।




