Sonbhadra news : संदिग्ध परिस्थितियों में नगर पंचायत संविदाकर्मी की मौत, जांच में जुटी पुलिस
रात एक नगर पंचायत संविदाकर्मी का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

sonbhadra
10:49 AM, May 26, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला, (सोनभद्र)। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के नई बस्ती में सोमवार देर रात एक नगर पंचायत संविदाकर्मी का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नई बस्ती निवासी गोविंद गुप्ता (35) पुत्र स्वर्गीय गोपाल गुप्ता, डाला नगर पंचायत में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत थे। सोमवार देर रात करीब 12 बजे परिजनों ने उन्हें घर के किचन रूम में फंदे से लटकता देखा। खिड़की से अंदर का दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद किचन रूम का दरवाजा खोला गया और गोविंद गुप्ता को नीचे उतारकर तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।




