Sonbhadra News : मिर्जापुर सड़क हादसे में दो ममेरे भाईयों की मौत के बाद गांव में पसरा मातम, नम आंखों से दी गयी श्रद्धांजलि
मंगलवार की रात जनपद मिर्जापुर क्षेत्र में सोनभद्र निवासी दो नव युवको की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी । दोनों मृतक युवक आपस में ममेरे भाई थे । घटना की सूचना के बाद गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।

sonbhadra
8:32 PM, September 18, 2024
राजकुमार गुप्ता/मनोज कुमार (संवाददाता)
घोरावल/करमा । मंगलवार की रात जनपद मिर्जापुर क्षेत्र में सोनभद्र निवासी दो नव युवको की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी । दोनों मृतक युवक आपस में ममेरे भाई थे । घटना की सूचना के बाद गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक घोरावल कोतवाली क्षेत्र के धरसड़ा ग्राम निवासी शारदा प्रसाद पाठक के पुत्र अनुज कुमार पाठक अपने ममेरे भाई शिवेश दत्त मिश्रा (19) पुत्र अरुण कुमार मिश्र निवासी केकराही के साथ मंगलवार की देर शाम वाराणसी के लिए बाइक पर सवार होकर जा रहा था। चुनार राजगढ़ मार्ग पर अचानक किसी बड़े वाहन के टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई तथा दोनो दूर जा गिरे। जिसके बाद बाइक में आग लग गई। घटना में अनुज कुमार पाठक एवं उसके ममेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और अचेत हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहाँ चिकित्सकों ने उन दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। यह समाचार जब घोरावल कोतवाली क्षेत्र के धरसड़ा ग्राम तक पहुंचा तो कोहराम मच गया। अनुज कुमार पाठक बीबीए का छात्र था। उसके पिता शारदा प्रसाद पाठक एक किसान होने के साथ-साथ एक ट्रैक्टर एजेंसी में काम करते हैं। शारदा प्रसाद पाठक के तीन पुत्रों में अनुज सबसे छोटा पुत्र था और काफी होनहार था। उसके निधन के समाचार पर पूरे गांव मे शोक की लहर दौड़ गई है।
उधर जब घटना की सूचना शिवेश दत्त मिश्र के गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। शिवेश दत्त मिश्र पॉलिटेक्निक का छात्र था। शिवेश मां-बाप का इकलौता पुत्र था और काफी होनहार था। उसके निधन के समाचार पर पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।बुधवार को दोनो का अंतिम संस्कार मिर्जापुर में किया गया।
अनुज के असमयिक निधन पर ब्लॉक प्रमुख दीपक सिंह पटेल, पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे, ग्राम प्रधान रविंद्र दुबे सहित अन्य लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है साथ ही शोक संवेदना प्रकट करने ग्रामीण व परिवार-रिश्तेदार उनके घर पहुंचे।




