Sonbhadra news : अकीदत के साथ मनाया गया मोहर्रम, निकला ताजिया जुलूस
मोहर्रम का पर्व शुक्रवार को चोपन नगर में पारंपरिक श्रद्धा, अकीदत और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया।

sonbhadra
8:03 PM, June 26, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। मोहर्रम का पर्व शुक्रवार को चोपन नगर में पारंपरिक श्रद्धा, अकीदत और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों से ताजिया और अलम के साथ जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। जुलूस के दौरान गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली।
बकरिदिया इस्लामिया स्कूल स्थित इमामबाड़े से छोटी-बड़ी ताजियाएं और अलम निर्धारित मार्गों से होते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में निकाले गए। जुलूस वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग, बैरियर स्थित जामा मस्जिद, बस स्टैंड और प्रीतनगर क्षेत्र से होकर पुनः इमामबाड़े पहुंचा। यहां अखाड़ा समिति के सदस्यों ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। देर शाम सभी ताजियों को इमामबाड़े से उठाकर ईदगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मोहर्रम जुलूस के दौरान युवाओं द्वारा विभिन्न हैरतअंगेज करतब भी प्रस्तुत किए गए। वहीं छोटे-बड़े सभी लोगों ने हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को याद करते हुए कर्बला की घटना को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
जुलूस मार्ग पर समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पानी, शर्बत और खिचड़ा आदि की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। उपजिलाधिकारी विवेक सिंह, प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता तथा कस्बा इंचार्ज राम ज्ञान यादव पुलिस बल के साथ लगातार भ्रमण करते रहे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली, जामा मस्जिद के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। मोहर्रम का यह आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।




