Sonbhadra News : नेटवर्क विहीन गांवों में जल्द बजेगी मोबाइल की घंटी, जिले के 14 गांवों में लगेंगे बीएसएनएल के 4जी टॉवर
जनपद के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्षों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब जल्द ही बेहतर संचार सुविधा मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार...

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:20 PM, July 18, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डीएम ने माना - शिक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं से जुड़ेंगे दूरस्थ गांव
सोनभद्र । जनपद के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्षों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब जल्द ही बेहतर संचार सुविधा मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रयासों से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील के 14 गांवों में 4जी मोबाइल टॉवर स्थापित करेगा। इससे न केवल इन गांवों बल्कि आसपास के कई क्षेत्रों के हजारों लोगों को भी मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
जल्द शुरू होगा टॉवर लगाने का काम -
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि "सोनभद्र की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आज भी कई गांव मोबाइल नेटवर्क से पूरी तरह वंचित हैं। कई स्थानों पर लोगों को फोन करने के लिए ऊंचे पहाड़ों या खुले स्थानों तक जाना पड़ता है, जबकि इंटरनेट सेवा भी बेहद कमजोर रहती है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं तक आमजन की पहुंच पर पड़ता है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए बीएसएनएल अधिकारियों के साथ बैठक कर नेटवर्क विहीन क्षेत्रों का सर्वे कराया गया था और प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल टॉवर स्थापित करने लिए निर्देशित किया गया था। जल्द ही टॉवर स्थापना का कार्य शुरू किया जाएगा।"
इन गांवों में लगेंगे 4जी मोबाइल टॉवर -
डीएम चर्चित गोंड ने बताया कि "बीएसएनएल द्वारा रॉबर्ट्सगंज तहसील के नगवां, दरमा, मड़कुरी और सांडसोत, घोरावल तहसील के ढोलो, सपही, अमिलीपोखर, मूर्तिया और देवगढ़ तथा दुद्धी तहसील के डूमा, जौराही, गंगहर, शिशवा और पतखिरना गांवों में 4जी मोबाइल टॉवर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा जुगैल क्षेत्र के पिपरा, गरदा और जोरावना सहित आसपास के गांवों को भी इन टावरों का लाभ मिलेगा।"
दूसरे चरण की भी तैयारी पूरी -
जिलाधिकारी ने बताया कि "पहले चरण के बाद दूसरे चरण के लिए भी प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इसके तहत दुद्धी तहसील के सोढ़ो, बिच्छी, कोटा और जोरकहू तथा ओबरा तहसील के पकरी, झरिया, कंधौरा, भरमहोरी, कनेहरा और बैरपुर में भी मोबाइल टॉवर स्थापित किए जाएंगे। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद इन गांवों में भी नेटवर्क सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।"




