Sonbhadra News : शरारती तत्वों ने गेहूँ की कटी फसल में लगाई आग,किसान सदमें में
विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव की घटना

सोनभद्र
7:27 PM, April 11, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरूखाड़ गांव में एक किसान की मेहनत पर अज्ञात लोगों ने पानी फेर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान भुवनेश्वर यादव ने अपने खेत में गेहूं की फसल काटकर करीब पचास बोझ बांधकर रखा था। शुक्रवार की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने इन गेहूं के बोझ में आग लगा दी, जिससे पूरा गेहूं जलकर राख हो गया।घटना की जानकारी सुबह होने पर किसान को मिली, जिसके बाद वह सदमे में आ गया। इस आगजनी में किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। भुवनेश्वर यादव ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया।इसके बाद पीड़ित किसान ने विन्ढगंज थाने में लिखित तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
किसान का कहना है कि उसने मेहनत से फसल तैयार की थी, लेकिन इस तरह की घटना से उसकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और वे जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।




