Sonbhadra News : ब्लॉक में नवनिर्मित अतिथि कक्ष का राज्यमंत्री ने किया उद्घाटन
समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोड़ ने रनटोला में नवनिर्मित श्मशान घाट, ब्लॉक परिसर में बने अतिथि कक्ष तथा म्योरपुर कस्बे में पंचायत भवन एवं अतिथि गृह का फीता काटकर उद्घाटन किया।

sonbhadra
9:19 PM, May 22, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर (सोनभद्र) । शुक्रवार को समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोड़ ने रनटोला में नवनिर्मित श्मशान घाट, ब्लॉक परिसर में बने अतिथि कक्ष तथा म्योरपुर कस्बे में पंचायत भवन एवं अतिथि गृह का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। पंचायत भवन, अतिथि गृह और श्मशान घाट जैसी सुविधाओं से ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी और विकास को गति मिलेगी। इस अवसर पर एससी-एसटी आयोग उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, पूर्व विधायक हरिराम चेरो, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विकास कार्यों को सराहा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने म्योरपुर सीएचसी की बदहाल व्यवस्था की शिकायत की, जिस पर राज्यमंत्री ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई खामियां सामने आईं। ओपीडी में होम्योपैथिक संविदा चिकित्सक द्वारा उपचार किया जा रहा था, जबकि एक्स-रे मशीन बंद पाई गई। अस्पताल परिसर में गंदगी और शौचालय में ताला लगा मिला।
मरीजों और परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें बाहर की दवाएं और जांचें लिखी जा रही हैं तथा प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को बिना उचित कारण रेफर किया जा रहा है। अधीक्षक डॉ. पी.एन. सिंह की मौजूदगी में यह शिकायतें मंत्री के समक्ष रखी गईं।
राज्यमंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की मंशा के विपरीत किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की कमी सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए स्वास्थ्य मंत्री से बात कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
इस दौरान बीडीओ दिनेश मिश्रा, एडीओ अजय कुमार, ग्राम प्रधान संगीता गणेश जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत पनिका, पंचायत सचिव राघवेन्द्र, गणेश जायसवाल, मोनू जायसवाल,होरीलाल पासवान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




