Sonbhadra News : मंत्री ने 1135 लोगों को सौंपा 'घरौनी अधिकार पत्र'
जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में स्वामित्त योजना के तहत आयोजित घरौनी वितरण समारोह कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति.....

sonbhadra
11:14 PM, January 18, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• स्वामित्व योजनान्तर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में 1135 लोगों को दिया गया घरौनी अधिकार पत्र
• स्वामित्व योजना अंतर्गत घरौनी वितरण कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट में देखा गया प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री का भाषण
सोनभद्र । जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में स्वामित्त योजना के तहत आयोजित घरौनी वितरण समारोह कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग संजीव कुमार गोंड़ ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर स्कूली छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, घरौनी के लाभार्थियों एवं ग्रामीणजनों ने देखा एवं सुना। तत्पश्चात राज्यमंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव गोंड़ व जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) सहदेव कुमार मिश्र ने मंच पर 20 लाभार्थियों को घरौनी कार्ड (संपत्ति कार्ड) का वितरण किया, इसके बाद मौके पर ही स्वामित्व योजनान्तर्गत कुल 1135 लाभार्थियों को संपत्ति कार्ड वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस मौके पर जनपद मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के साथ विभिन्न तहसीलों, ब्लाकों एवं कतिपय ग्राम पंचायतों में भी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को देखा गया साथ ही लाभार्थियों को घरौनी वितरण किया गया तथा स्वामित्व योजना के लाभ से जन सामान्य को अवगत कराया गया।
इस मौके पर राज्यमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता के प्रति स्वयं जागरूक होते हुए दूसरे को भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का शपथ दिलायी। मंत्री संजीव गोंड़ ने समारोह कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि "देश के आजादी के 75 साल से ऊपर बीत जाने के बाद भी कच्चा मकान हो या पक्का मकान उस भूमि का कोई अभिलेख नहीं हुआ करता था, लेकिन आज हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आशीर्वाद है, जो आज भू-स्वामी को घरौनी का अभिलेख प्राप्त हो रहा है। घरौनी का कोई अभिलेख न होने के कारण भूस्वामी को काफी दिक्कते उठानी पड़ती थी और केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं जैसे बैंक से लोन प्राप्त करने व अन्य योजना का लाभ पाने में समस्या आ रही थी, लेकिन आज यह सपना साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज जिले के लोगों को घरौनी का अभिलेख प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में वनाधिकार अधिनियम के तहत अनूसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति तथा परम्परागत वनवासियों को 16000 पट्टे देने का कार्य किया है, यहीं नहीं इसके साथ-साथ खतौनी में नाम भी दर्ज कराया गया है।"




