Sonbhadra News : खनन माफियाओं के हौसले बुलंद, रात भर जेसीवी लगाकर कर रहे बालू का अवैध खनन
एक तरफ पट्टाधारक करोड़ों रुपये का टेंडर लेकर बालू का खनन कार्य कर रही है । वहीं दूसरी तरफ खनन माफिया अवैध खनन कर सरकार व पट्टाधारकों को हर रोज चूना लगा रहे हैं ।

अवैध खनन की जांच करने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी
sonbhadra
5:46 PM, November 18, 2024
शान्तनु कुमार
सोनभद्र । एक तरफ पट्टाधारक करोड़ों रुपये का टेंडर लेकर बालू का खनन कार्य कर रही है । वहीं दूसरी तरफ खनन माफिया अवैध खनन कर न सिर्फ सरकार को हर रोज करोड़ों का चूना लगा रहे हैं बल्कि पट्टाधारकों की कमाई पर भी डांका डाल रहे हैं ।
इन दिनों चोपन गांव बालू खनन माफियाओं के लिए सबसे सुरक्षित ठिकाना बन गया है । चोपन थाने व रेंजर ऑफिस से कुछ ही दूरी पर खनन माफिया बेखौफ तरीक़े से अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं । लेकिन पुलिस व वन विभाग को भनक तक नहीं लग रही । खनन माफियाओं के हिम्मत की बात करें तो माफिया अवैध खनन के लिए जेसीवी मशीन तक लगा कर काम को अंजाम दे रहे हैं ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना मिलीभगत के यह सम्भव नहीं हो सकता । लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी मशीन नदी में उतार कर पूरी रात अवैध खनन किया जा रहा है लेकिन न चोपन पुलिस को हवा लग रही और न वन विभाग को । रविवार को अवैध खनन की सूचना पर वन विभाग का एक कर्मचारी नदी तट पर जाकर निरीक्षण किया तो देखकर हैरान रह गया । वहां जेसीवी मशीन के चक्के के निशान साफ नजर आ रहे थे । नदी के पास लोगों से पूछताछ पर पता चला कि रात में मशीन लगाकर अवैध खनन किया जाता है और सुबह होने के पहले निकाल लिया जाता है ।
अवैध खनन की चर्चा बाहर निकल कर आयी तो सोमवार चोपन थाना व वन विभाग की संयुक्त टीम चोपन गाँव नदी के तट पर पहुंचकर जानकारी जुटाने में लगे रहे। लेकिन यहां बड़ा सवाल यह है कि उस इलाके का हल्का इंचार्ज को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। फिलहाल ग्रामीणों का कहना है कि आसपास कई सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। यदि पुलिस कैमरे को खंगाले तो कई सबूत मिलने के साथ कई खनन माफियाओं के चेहरे भी उजागर हो सकते हैं ।




