Sonbhadra News : अधेड़ व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, क्षेत्र में सनसनी
डाला चौकी क्षेत्र अंतर्गत लगड़ा मोड़ में शनिवार दोपहर बाद सनसनी फैल गई जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला।

sonbhadra
4:08 PM, September 12, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। स्थानीय चौकी क्षेत्र अंतर्गत लगड़ा मोड़ में शनिवार दोपहर बाद सनसनी फैल गई जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची डाला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओम प्रकाश चौरसिया (55 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय महातम, निवासी लगड़ा मोड़, ने तीन सेट करकट के पाइप में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों की नजर फंदे से लटके शव पर पड़ी तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।




