Sonbhadra News : वन्य प्राणी सप्ताह पर विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण का दिया संदेश,आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करना और उन्हें यह समझाना रहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के बिना पर्यावरणीय संतुलन की कल्पना नहीं की जा सकती।

sonbhadra
6:30 PM, October 7, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र) । वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विंढमगंज रेंज के अंतर्गत डॉ. भीमराव आंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जाम पानी सेक्शन में वन्य प्राणी सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वन रेन्जर रत्नेश कुमार की अगुवाई में बीट के दरोगा तथा कर्मचारियों द्वारा छात्र-छात्राओं को वन्यजीवों के महत्व और प्रकृति में उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि वन्यजीव पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और मानव जीवन भी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र पर निर्भर है।
इस दौरान वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। साथ ही प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा उनके संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करना और उन्हें यह समझाना रहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के बिना पर्यावरणीय संतुलन की कल्पना नहीं की जा सकती।
वन्य प्राणी सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच दिया गया यह संदेश निश्चित रूप से वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समेत शिक्षक तथा समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।




