Sonbhadra News : फलदार पौधे बांटकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जंगल बचाने को भरी हुंकार
विकासखंड के रायपुर ग्राम पंचायत में रविवार को 'पेड़ है तो प्राण है' अभियान के तहत किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा को लेकर......

sonbhadra
5:28 PM, July 12, 2026
अवधेश पटेल (संवाददाता)
नगवां । विकासखंड के रायपुर ग्राम पंचायत में रविवार को 'पेड़ है तो प्राण है' अभियान के तहत किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों को फलदार पौधों का वितरण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए संदीप मिश्रा ने कहा कि "सोनभद्र की सांसों का सौदा किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने सहयोगी उद्योगपतियों के हित में जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य ऐसे स्थानों पर किए जाएं, जहां लोगों को विस्थापित न होना पड़े और पेड़ों की कटाई न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के आदिवासी और ग्रामीण परिवार वर्षों से जल, जंगल और जमीन पर आश्रित हैं। ऐसे में विकास के नाम पर उन्हें उजाड़ना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनविरोधी नीतियां नहीं बदली गईं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।"
कार्यक्रम में निलेश सिंह राजपूत ने कहा कि "जंगल उनकी पहचान और जीवन का आधार हैं तथा उनकी रक्षा के लिए वे हर संघर्ष करने को तैयार हैं।"
वहीं ग्रामीण बबलू पटेल ने किसानों को समय पर खाद न मिलने का मुद्दा उठाते हुए सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए।
कार्यक्रम में विजयमल खरवार, दहीकुंडल प्रजापति, बाबूलाल मौर्य, विजय पटेल, दिनेश मौर्य, शत्रुघ्न बिंद, आकाश चौहान, दिनेश चेरो, सुरेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




