Sonbhadra News : 43 डिग्री के पार पहुंचा पारा, भीषण गर्मी और उमस से तड़पा सोनाँचल
जनपद में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही आसमान से आग.......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
7:07 PM, May 18, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा, छांव और ठंडे पानी की तलाश में भटकते दिखे लोग
• लोगों के साथ पशु-पक्षी भी नजर आए बेहाल
सोनभद्र । जनपद में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही आसमान से आग बरसती रही और दोपहर होते-होते तेज धूप व उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालत यह रही कि दोपहर के समय प्रमुख सड़कें और बाजार सूने नजर आए, जबकि जरूरी काम से घरों से निकले लोग छांव और ठंडे पानी की तलाश करते दिखाई दिए।
सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर देखने को मिले। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। हालत यह रही कि दोपहर के समय बाजारों, चौराहों और मुख्य सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ दिखाई दी। गर्मी से बचने के लिए लोग सिर पर गमछा, तौलिया और छाता लेकर निकलते नजर आए।
तेज धूप का असर सबसे ज्यादा दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, ठेला संचालकों और राहगीरों पर देखने को मिला। कई जगहों पर लोग पेड़ों की छांव और दुकानों के बाहर लगे शेड के नीचे बैठकर राहत पाने की कोशिश करते दिखे। वहीं ठंडे पेय पदार्थ, गन्ने का रस, शिकंजी और नारियल पानी की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई।
भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी साफ दिखाई दिया। सड़क किनारे घूमने वाले मवेशी पेड़ों और दीवारों की छांव में बैठे नजर आए, जबकि पक्षी भी पानी और ठंडी जगह की तलाश में इधर-उधर भटकते दिखे। कई जगहों पर लोग पक्षियों के लिए अपने घरों और दुकानों के बाहर पानी रखकर राहत पहुंचाने का प्रयास करते नजर आए।
भीषण गर्मी के चलते मेडिकल कॉलेज में डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर और लू जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने, अधिक मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। तापमान में और बढ़ोत्तरी हो सकती है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ने के आसार हैं। लगातार पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी ने लोगों को अब मानसून और बारिश का बेसब्री से इंतजार करने पर मजबूर कर दिया है।




