Sonbhadra News : चोपन में निजी विद्यालयों के प्रबंधकों की बैठक, शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ एकजुटता पर जोर
राजेश गोस्वामी ने कहा कि इसके बावजूद सोशल मीडिया पर कुछ तथाकथित लोगों द्वारा विद्यालय संचालकों की तुलना चोरों और माफियाओं से करना उनके सम्मान को ठेस पहुंचाता है।

sonbhadra
5:03 PM, October 25, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। गौरव नगर स्थित श्रद्धा नन्द गोस्वामी पब्लिक स्कूल (S.N.G.) के प्रांगण में मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के प्रबंधकों की एक आवश्यक बैठक राजेश गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चोपन, ओबरा, दुद्धी, शक्तिनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालय प्रबंधकों ने भाग लिया। बैठक में विद्यालय संचालकों की समस्याओं, अधिकारियों की कथित मनमानी, तथाकथित पत्रकारों और आरटीआई कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कथित उत्पीड़न तथा विद्यालयों के संचालन में आ रही कठिनाइयों पर चर्चा की गई।
बैठक में रामयूजागिर तिवारी ने कहा कि एक ओर अभिभावक समय से शिक्षण शुल्क जमा नहीं करते, वहीं दूसरी ओर अधिकारियों द्वारा सेवा शुल्क की मांग किए जाने की समस्या भी सामने आती है।
त्रिलोकी पांडेय ने कहा कि संगठन को मजबूत करके ही असामाजिक तत्वों और अनुचित गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी ढंग से आवाज उठाई जा सकती है। वहीं विवेक सिन्हा ने सवाल उठाया कि जब विद्यालयों को अधिकारियों की संस्तुति और निरीक्षण के आधार पर मान्यता प्रदान की जाती है, तो बाद में विद्यालय संचालकों को गलत ठहराना कहां तक उचित है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे राजेश गोस्वामी ने कहा कि यदि सरकार सभी विद्यालयों को सरकारी पुस्तकें उपलब्ध कराती है, तो विद्यालय संचालक उन्हें सहर्ष स्वीकार करेंगे। इसी तरह, यदि सरकार सभी विद्यालयों के लिए ड्रेस कोड लागू करती है, तो उन्हें भी इस पर कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि एक निजी विद्यालय कई लोगों को रोजगार देने के साथ-साथ गरीब और निराश्रित बच्चों को भी निःशुल्क शिक्षा प्रदान करता है।
राजेश गोस्वामी ने कहा कि इसके बावजूद सोशल मीडिया पर कुछ तथाकथित लोगों द्वारा विद्यालय संचालकों की तुलना चोरों और माफियाओं से करना उनके सम्मान को ठेस पहुंचाता है।
बैठक में उपस्थित प्रबंधकों ने विद्यालय संचालकों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने, आपसी सहयोग बढ़ाने और शिक्षा के क्षेत्र में सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में इमरान अहमद,दीपक गुप्ता, विकाश शुक्ला, सुधाकर शुक्ला, अमित सिंह, स्वेता दुबे, त्रिलोकी पांडेय, प्रमोद जी,सरदार भगत सिंह विनोद आदि लोग उपस्थित रहे।




