Sonbhadra News: पेंट एंड ग्लास हाउस में लगी भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
वीआईपी रोड स्थित रिहायशी इलाके में संचालित अग्रसेन पेंट एंड ग्लास हाउस में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

sonbhadra
7:58 PM, June 12, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा, (सोनभद्र)। ओबरा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड स्थित रिहायशी इलाके में संचालित अग्रसेन पेंट एंड ग्लास हाउस में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान से उठती आग की तेज लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और एहतियातन लोग अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की शुरुआती वजह सोलर पैनल से जुड़ी बैटरी और इन्वर्टर में हुआ शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां और अग्निशमन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग लगने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई थी। दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास के घरों और अन्य प्रतिष्ठानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। अग्निशमन विभाग की तत्परता और सूझबूझ से आग को सीमित दायरे में रोकने में सफलता मिली।
घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा सामान जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का वास्तविक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
आग बुझने के बाद दुकानदार और क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं पुलिस और दमकल विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही।




