Sonbhadra News : कुएं में गिरने से व्यक्ति की मौत
थाना क्षेत्र के बैना गांव में बुधवार रात्रि करीब सवा एक बजे एक व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई।

sonbhadra
4:37 PM, March 19, 2026
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बैना गांव में बुधवार रात्रि करीब सवा एक बजे एक व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। वह गांव में ही पूरब बस्ती स्थित पुराने शिव मंदिर में हो रहे अखंड हरिकीर्तन से रात में वापस अपने घर जा रहा था। बभनी थाना क्षेत्र के बैना गांव निवासी 48 वर्षीय जमुना पुत्र रामवृक्ष धरिकार गांव के पूरब बस्ती में पुराने शिव मंदिर परिसर में अखण्ड हरि कीर्तन का कार्यक्रम में गया था। उसके साथ गांव का ही पंकज कुमार पुत्र बासुदेव भी गया था। रात में लगभग एक बजे दोनों वहां से अपने घर लौट रहेथे।रास्ते में ही एक कुएं में जमुना गिर गया। जमुना के कुएं में गिरने के बाद साथी पंकज कुमार शोर मचाना शुरु कर दिया और अखण्ड हरि कीर्तन के पास जाकर सबको बताया। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने डायल 112 को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस के मौजूदगी में उसे कुएं से बाहर निकाला गया। जब तक उसे कुएं से बाहर निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक दीन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




