Sonbhadra News : ऑपरेशन शुद्धि के तहत बड़ी कार्रवाई, 60.5 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
आरोपी सुजुकी सियाज कार में गुप्त केबिन बनाकर उसमें गांजा छिपाकर तस्करी करते थे। तलाशी एवं निशानदेही पर तीन प्लास्टिक के कट्टों में रखे 43 पैकेटों से कुल 60 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

sonbhadra
2:53 PM, November 5, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
० कार में गुप्त केबिन बनाकर करते थे गांजे की तस्करी
सोनभद्र। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 60 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त एक सुजुकी सियाज कार भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात करीब 8:45 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम लोढ़ी स्थित टीवीएस गोदाम के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम यादव (21 वर्ष) पुत्र राजेश्वर यादव, निवासी ग्राम लैसना, थाना जलालाबाद तथा सीबू अली (24 वर्ष) पुत्र सब्बन अली, निवासी ब्रह्मनान, थाना अल्लागंज के पीछे, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुजुकी सियाज कार में गुप्त केबिन बनाकर उसमें गांजा छिपाकर तस्करी करते थे। तलाशी एवं निशानदेही पर तीन प्लास्टिक के कट्टों में रखे 43 पैकेटों से कुल 60 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। तस्करी में इस्तेमाल कार को भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 60 के तहत पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा अपराध संख्या 892/2026 के तहत धारा 8/20/27ए/29/60/61 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा मय टीम, रॉबर्ट्सगंज प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, निरीक्षक बनारसी यादव, उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव एवं उमाशंकर यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार व अमरजीत यादव तथा कांस्टेबल राम सिंह यादव और हरिश्चन्द्र शामिल रहे।




