Sonbhadra News : कम प्रीमियम, बड़ा सहारा! आश्रित को मिला ₹2 लाख का चेक
रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित केनरा बैंक शाखा में आज प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मृतक खाताधारक के परिजनों को बीमा राशि प्रदान की गई। इस दौरान महिला थाना प्रभारी सविता सरोज और शाखा प्रबंधक.....

आश्रित को दो लाख का चेक सौंपती महिला थाना प्रभारी सविता सरोज.....
sonbhadra
6:31 PM, April 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित केनरा बैंक शाखा में आज प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मृतक खाताधारक के परिजनों को बीमा राशि प्रदान की गई। इस दौरान महिला थाना प्रभारी सविता सरोज और शाखा प्रबंधक आरिफ अब्बास ने मृतक आशुतोष कुशवाहा की पत्नी ज्योति को ₹2 लाख का चेक सौंपा।
कार्यक्रम के दौरान महिला थाना प्रभारी सविता सरोज ने कहा कि "किसी व्यक्ति की मृत्यु की भरपाई पैसे से नहीं की जा सकती, लेकिन सरकार की बीमा योजनाएं ऐसे परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहारा देने का काम करती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी खाताधारक बैंक में आकर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा अवश्य कराएं, ताकि आकस्मिक स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक मदद मिल सके।"
शाखा प्रबंधक आरिफ अब्बास ने बताया कि "आशुतोष कुशवाहा केनरा बैंक के खाताधारक थे और लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने बैंक मित्र के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मात्र ₹436 वार्षिक प्रीमियम देकर बीमा कराया था। उनकी मृत्यु के बाद परिजनों ने बैंक से संपर्क किया, जिसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उनकी पत्नी ज्योति निवासी रामगढ़ को ₹2 लाख की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से अत्यंत गरीब परिवारों को भी कम प्रीमियम में बीमा सुरक्षा मिलती है और संकट के समय उनके परिवार को आर्थिक मदद मिलती है। बैंक प्रबंधन ने कहा कि यदि किसी ग्राहक को बैंकिंग या बीमा से संबंधित कोई समस्या हो तो वे सीधे शाखा में आकर जानकारी ले सकते हैं।"
इस अवसर पर सहायक प्रबंधक धर्मवीर सिंह, लोन अधिकारी जितेंद्र यादव, मुकेश गुप्ता, बैंक मित्र शक्ति पाल, संदीप कुमार सहित अन्य बैंककर्मी मौजूद रहे।



