Sonbhadra News : सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों का अंबार, 344 फरियादियों में सिर्फ 19 को मिली राहत
जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक बार फिर सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला। आमजन अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर तहसीलों में.....

तहसील दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम चर्चित गोंड और एसपी अभिषेक वर्मा......
sonbhadra
5:50 PM, July 18, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• 325 शिकायतें फिर फाइलों के हवाले, डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले- 'औपचारिकता नहीं, गुणवत्तापूर्ण हो निस्तारण'
सोनभद्र । जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक बार फिर सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला। आमजन अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर तहसीलों में पहुंचे, लेकिन 344 शिकायतों में से केवल 19 मामलों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। शेष 325 शिकायतें जांच और कार्रवाई के नाम पर संबंधित विभागों को भेज दी गईं।
सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, बिजली, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी रहीं। कई फरियादियों ने वर्षों से लंबित मामलों के समाधान की गुहार लगाई। शिकायतों की भारी संख्या ने एक बार फिर विभागीय कार्यप्रणाली और निस्तारण की गति पर सवाल खड़े कर दिए।
शिकायतों के निस्तारण के बाद अधिकारी फरियादियों से लें फीडबैक -
घोरावल तहसील में आयोजित मुख्य समाधान दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस केवल खानापूर्ति का मंच नहीं है। हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण करने के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि कागजों में नहीं बल्कि वास्तविक रूप से समस्या का समाधान हो सके। भूमि विवाद जैसे मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
घोरावल में सबसे ज्यादा शिकायतें -
घोरावल तहसील में 158 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 6 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 6 मामलों का टीम भेजकर समाधान कराया गया। इसके बावजूद 146 शिकायतें लंबित रह गईं।
रॉबर्ट्सगंज में भी फरियादियों की लंबी कतार -
उप जिलाधिकारी आशीष त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 61 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से केवल 7 मामलों का निस्तारण हो सका, जबकि 54 शिकायतें संबंधित विभागों को भेज दी गईं।
ओबरा और दुद्धी में भी वहीं हाल -
ओबरा तहसील में 60 शिकायतों में से 3, जबकि दुद्धी तहसील में 65 शिकायतों में से भी केवल 3 मामलों का ही मौके पर समाधान हो सका। शेष मामलों के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
डीएम का सख्त संदेश -
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए। प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या औपचारिकता बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।"




