Sonbhadra News : आर्थिक तंगी झेल रहे 'धरती के भगवान' पहुंचे डीएम दरबार, लगाई वेतन दिलाने की गुहार
रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के बैनर तले धरती के भगवान माने जाने वाले डॉक्टरों ने आज सुबह मेडिकल कॉलेज पहुंच फरवरी व मार्च माह का वेतन भुगतान अब तक न होने को लेकर नाराजगी जताते हुए कामकाज ठप कर एल-2...

एल-2 गेट पर प्रदर्शन करते जूनियर डॉक्टर्स.....
sonbhadra
6:26 PM, April 2, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• दो माह से मेडिकल कॉलेज में कार्यरत 97 जूनियर डॉक्टर्स को नहीं मिला वेतन
सोनभद्र । रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के बैनर तले धरती के भगवान माने जाने वाले डॉक्टरों ने आज सुबह मेडिकल कॉलेज पहुंच फरवरी व मार्च माह का वेतन भुगतान अब तक न होने को लेकर नाराजगी जताते हुए कामकाज ठप कर एल-2 गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान जूनियर डॉक्टरों ने "नो सैलरी-नो ड्यूटी" के नारे लगाए। प्रदर्शन के पश्चात कलेक्ट्रेट पहुंचे जूनियर डॉक्टरों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंप तत्काल वेतन का भुगतान कराने की मांग की। उधर डीएम बद्रीनाथ सिंह ने डॉक्टरों को दो दिनों में वेतन भुगतान कराने को लेकर आश्वस्त किया।
वहीं प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों ने कहा कि "मेडिकल कॉलेज में 97 जूनियर डॉक्टर्स अपनी सेवाएं दे रहे हैं लेकिन वेतन को लेकर उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।फरवरी माह का वेतन होली के पहले मिल जाना चाहिए था लेकिन अब तक नहीं मिल पाया है, जिससे उनका बजट बिगड़ गया है और उन्हें आर्थिक परेशानी से जूझना पड़ रहा है। हर माह का वेतन अगले माह की 28 तारीख तक मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय से वेतन न मिलने के चलते पारिवारिक, ईएमआई सहित अन्य खर्चों को ले कर काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।"
इस दौरान रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन की स्थानीय इकाई के प्रेसीडेंट डॉ0 अखिलेश कुमार बैसवार, वाइस प्रेसिडेंट डॉ0 प्रत्यूष सिंह, डॉ0 मुकेश कुमार मौर्य, जनरल सेक्रेटरी डॉ0 मयूरवेश रघुवंशी, डॉ0 अनुभव राय, एक्सीक्यूटिव हेड डॉ0 दर्पण जायसवाल, ट्रेजरर हेड डॉ0 लक्ष्मीकांत यादव, मीडिया स्पोकपर्सन डॉ0 सव्यसाची श्रीवास्तव, डॉ0 नितीश राय, डॉ0 अलोक कुमार श्रीवास्तव, डॉ0 शुभम गौर, डॉ0 पारितोष, डॉ0 प्रणय, कोऑर्डिनेटर डॉ0 सौरभ नायक, डॉ0 पवन सोनी आदि मौजूद रहे।




