Sonbhadra News : सौतेली माँ के हत्यारे बाल अपचारी को उम्रकैद की सजा, साढ़े छः वर्ष बाद आया फैसला
अपर सत्र न्यायाधीश/बाल न्यायालय अमित वीर सिंह की अदालत ने बुधवार को हत्या के मामले की सुनवाई करते हुए दोषसिद्ध पाकर दोषी बाल अपचारी को उम्रकैद के साथ ही 50 हजार रुपये अर्थदंड की भी सजा सुनाई.....

एनिमेटेड फोटो....
sonbhadra
3:20 PM, March 26, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अपर सत्र न्यायाधीश/बाल न्यायालय अमित वीर सिंह की अदालत ने बुधवार को हत्या के मामले की सुनवाई करते हुए दोषसिद्ध पाकर दोषी बाल अपचारी को उम्रकैद के साथ ही 50 हजार रुपये अर्थदंड की भी सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर एक माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बितायी अवधि सजा में समाहित की जाएगी।
मामला करीब साढ़े 6 वर्ष पूर्व हुए सौतेली मां की हत्या का है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक कोन थाना क्षेत्र के गिधिया टोला अजनिया गांव निवासी अनिरुद्ध गुप्ता पुत्र स्व0 मानिक चंद ने कोन थाने में 19 सितंबर 2019 को तहरीर दी। तहरीर में अवगत कराया था कि वह 19 सितंबर को दिन में कचनरवा बाजार गया था। उसने अपनी बेटी रागिनी देवी की शादी करीब 6 साल पूर्व कचनरवा बाजार निवासी शिवनरायन गुप्ता के साथ किया था। उसे 4 वर्ष का बेटा भी है। शिवनरायन गुप्ता की एक पत्नी पहले से थी, जिसे लेकर वे कोर्ट गए थे। घर पर रागिनी अपने बेटे के साथ अकेली थी। शिव नरायन गुप्ता के पहली पत्नी के बेटे 17 वर्षीय विष्णुकांत गुप्ता ने अकेला पाकर उसकी बेटी रागिनी की चाकू से मारकर हत्या कर दी। शोरगुल की आवाज सुनकर वह गया तो देखा कि रागिनी मृत पड़ी थी और विष्णुकांत गुप्ता हत्या कर चाकू लेकर भाग रहा था। इस तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दिया। वहीं पर्याप्त सबूत मिलने पर कोर्ट में विवेचक ने चार्जशीट दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्को को सुनने, गवाहों के बयान एवं पत्रावली का अवलोकन करने पर दोषसिद्ध पाकर दोषी बाल अपचारी विष्णुकांत गुप्ता को उम्रकैद एवं 50 हजार रूपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर एक माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बितायी अवधि सजा में समाहित की जाएगी। अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी वकील दिनेश कुमार अग्रहरि, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और नीरज कुमार सिंह ने बहस की।




