Sonbhadra news : घाटी में भूस्खलन से हाईवे पर मलबा, समय पर सफाई न होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ा
मारकुंडी घाटी में सोमवार रात हुई रुक-रुककर बारिश के बाद पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण वाराणसी–शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आ गिरा।

sonbhadra
2:40 PM, July 28, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। मारकुंडी घाटी में सोमवार रात हुई रुक-रुककर बारिश के बाद पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण वाराणसी–शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। मलबा सड़क पर फैल जाने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रात के समय हाईवे पर बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए कुछ वाहन चालकों ने पुराने मार्ग का सहारा लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मलबा नहीं हटाया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी सड़क पर पड़े मलबे को पूरी तरह हटाने की कार्रवाई नहीं हो सकी। लोगों का आरोप है कि वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर टोल संचालन करने वाली कंपनी एसीपी टोलवेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से त्वरित कार्रवाई नहीं किए जाने से यात्रियों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ी हुई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी लगातार बारिश के दौरान इसी क्षेत्र में भूस्खलन हुआ था, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा था। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए मारकुंडी घाटी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाए तथा भूस्खलन की स्थिति में तत्काल मलबा हटाकर यातायात सुचारु कराया जाए।




