Sonbhadra News : जल-जंगल-जमीन और रोजगार के मुद्दे पर कलेक्ट्रेट में गरजा मजदूर संगठन, धरना देकर सौंपा 15 सूत्रीय ज्ञापन
उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मनरेगा बचाओ अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राजमार्ग से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और...

विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर पर प्रदर्शन करते मजदूर यूनियन के कार्यकर्ता....
sonbhadra
7:19 PM, June 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• वीबी-जी राम योजना वापस लेने और मनरेगा बहाल करने की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा 15 सूत्रीय ज्ञापन
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मनरेगा बचाओ अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राजमार्ग से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी उद्यान पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार की प्रस्तावित "विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन गारंटी (ग्रामीण)" योजना (VB-G RAM) का विरोध करते हुए इसे ग्रामीण मजदूरों को अधिकारविहीन और आश्रित बनाने वाली योजना बताया। उन्होंने मांग की कि इस योजना को तत्काल वापस लिया जाए तथा मनरेगा को पुराने स्वरूप में बहाल किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने वर्ष में 200 दिन रोजगार, 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी, बेरोजगारी भत्ता, खेत मजदूरों के लिए पेंशन, जल-जंगल-जमीन पर अधिकार, प्राथमिक विद्यालयों के मर्जर पर रोक तथा सोनभद्र में आदिवासी विश्वविद्यालय की स्थापना सहित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सोनभद्र के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और स्थानीय युवाओं को उद्योगों में रोजगार देने की भी मांग उठाई। कार्यक्रम के अंत में लखनऊ कोचिंग सेंटर हादसे में मृत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड राम रक्षा ने तथा संचालन कामरेड देव कुमार विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान आर0के0 शर्मा, बसावन गुप्ता, अमरनाथ बिंद, रामभजन कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




