Sonbhadra News : कमीशन बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर कोटेदारों ने किया प्रदर्शन
गरीबों और आम लोगों तक अन्न पहुँचाने वाला कोटेदार ही अब भुखमरी का शिकार हो गया है। इसी को लेकर आज जिले भर के कोटेदारों ने कलेक्ट्रेट परिसर में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के बैनर तले.....

DSO कार्यालय के बाहर पर प्रदर्शन करते कोटेदार.....
sonbhadra
9:14 PM, December 5, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । गरीबों और आम लोगों तक अन्न पहुँचाने वाला कोटेदार ही अब भुखमरी का शिकार हो गया है। इसी को लेकर आज जिले भर के कोटेदारों ने कलेक्ट्रेट परिसर में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के बैनर तले कमीशन बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं कोटेदारों ने चेतावनी दी कि अगर मांगें जल्द से जल्द नहीं मानी जाती हैं तो 28 जनवरी 2026 से अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन व विधानसभा घेराव करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन/प्रशासन व उ0प्र0सरकार की होगी।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि "कोरोना काल में भी उत्तर प्रदेश के कोटेदारों ने प्रधानमंत्री अन्न योजना व राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निःशुल्क वितरण किया गया और कोटेदार अपने व अपने परिवार के जीवन की परवाह न करते हुए सरकार के दिशा-निर्देशों में ई-पास मशीन से ईमानदारी के साथ वितरण किया, जिसकी सराहना पूरे भारत में की गयी और उत्तर प्रदेश सरकार को भारत सरकार ने प्रशस्ति पत्र भी दिया। उ0प्र0 के कोटेदार सरकार के निर्देशानुसार वितरण करते हैं व अन्य आदेशों-जैसे आयुष्मान कार्ड, किसान फार्मर रजिस्ट्री, एसआईआर वोटर लिस्ट संशोधन आदि में सहयोग करते हैं। परन्तु यूपी में कोटेदारों को खाद्यान्न पर 90 रुपये प्रति क्विंटल और चीनी पर 70 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन मिलता है। वहीं हरियाणा, गोवा और दिल्ली में 200 रुपये प्रति कुंतल कमीशन दिया जाता है। गुजरात में 20000 रुपये न्यूनतम गारंटी दी जाती है।"
इस दौरान राजेश्वर, राजीव कुमार, रमेश, जितेंद्र कुमार, बबलू सिंह, बाबूराम सिंह, राजू, अशोक कुमार, उमेश कुमार, त्रिवेणी, रीना, गुलाब, सियाराम, रामदास, संतोष, संदीप कुमार, रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे।



