Sonbhadra News : सड़क-बिजली-पानी की समस्या पर फूटा कोटा के ग्रामीणों का गुस्सा, प्रदर्शन कर डीएम से लगाई समाधान की गुहार
विकास खंड चोपन के ग्राम पंचायत कोटा के ग्रामीणों ने सोमवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नवागत जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान जहां ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शुभकामनाएं दीं...

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते कोटा ग्राम सभा के ग्रामीण....
sonbhadra
3:31 PM, May 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विकास खंड चोपन के ग्राम पंचायत कोटा के ग्रामीणों ने सोमवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नवागत जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान जहां ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शुभकामनाएं दीं, वहीं समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद भी जताई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा समाजसेवी दीपू शर्मा ने बताया कि "क्षेत्र में स्मार्ट/प्रीपेड विद्युत मीटर की जटिल व्यवस्था, गलत बिलिंग और कई टोलों में बिजली आपूर्ति का अभाव गंभीर समस्या बन चुका है। उन्होंने कहा कि इससे गरीब और आदिवासी परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने अमवार बांध के निर्माण के बाद कनहर नदी में गहराते जल संकट का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि नदी में पानी की कमी के कारण कोटा ग्राम पंचायत के निवासियों और पशुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पेयजल संकट, अधूरे पड़े लिंक मार्ग कोटा बाजार से छठ घाट तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय से अम्माटोला तक का निर्माण, खेल मैदान की कमी और भूमि क्रय-विक्रय में बिचौलियों की कथित अनियमितताओं भी उजागर होती है, यदि जिलाधिकारी इसकी जांच कराएं तो बड़े भ्रष्टाचार से पर्दा उठ सकता है।"
आतिश चंद्रवंशी ने कहा कि “ग्राम पंचायत कोटा की जनता वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग उदासीन बने हुए हैं। स्मार्ट मीटर और गलत बिलिंग ने गरीब एवं आदिवासी परिवारों को गंभीर संकट में डाल दिया है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे।"
इस दौरान अजय कुमार, राकेश, रामवचन, केशव गोंड, मोहन पनिका, कृपाशंकर प्रजापति, लवकेश प्रजापति, सुरेंद्र गोंड, मनीष शर्मा, मंजू, मुन्नी, फूलवंती, सोनी, रोहित सहित सैकड़ों पुरुष व महिलाएं प्रदर्शन में शामिल रहीं।




