Sonbhadra News : स्मार्ट मीटर सहित अन्य मांगों को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का हल्ला बोल, सदर विधायक पर भी साधा निशाना
जिले में स्मार्ट मीटर के विरोध और जनहित की लंबित समस्याओं को लेकर आज कलेक्ट्रेट में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा में संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता ने करते हुए प्रशासन के खिलाफ...

स्मार्ट मीटर सहित कई अन्य मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते नौजवान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ता.......
sonbhadra
3:19 PM, May 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में स्मार्ट मीटर के विरोध और जनहित की लंबित समस्याओं को लेकर आज कलेक्ट्रेट में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा में संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता ने करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन कलेक्ट्रेट एडीएम को सौंपा।
'हर घर नल योजना' की हो सीबीआई जांच की मांग -
इस दौरान संदीप मिश्र ने स्मार्ट मीटर को 'जनता की जेब पर सीधा डाका' बताते हुए इसे तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि जिले में लगाए गए स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाया जाए, साथ ही श्रमिकों, रोजगार सेवकों और मनरेगा कर्मियों के लंबित मानदेय व मजदूरी का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित की जाए। गेहूं खरीद केंद्रों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उन्होंने जिलाधिकारी से मौके पर निरीक्षण कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने 'हर घर नल योजना' में कथित गड़बड़ियों को गंभीर मुद्दा बताते हुए इसकी सीबीआई जांच कराने की मांग की साथ ही, जब तक व्यवस्था सुचारू नहीं होती, तब तक जिले के सभी परिवारों को टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई। मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं पर भी मोर्चा ने सवाल खड़े करते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक निगरानी समिति गठित कर सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की। प्रचंड गर्मी को देखते हुए धधरौल की घाघर कैनाल और नगवा की नहर को तत्काल चालू कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा धधरौल डैम के ऊपर बंद किए गए रास्ते को तत्काल खोलने की मांग करते हुए मोर्चा ने कहा कि यह आमजन की आवाजाही में बाधा बन रहा है।
सदर विधायक के बयान पर ली चुटकी -
संयोजक संदीप मिश्रा ने सदर विधायक के हालिया बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि "चुनाव नजदीक आते ही विधायक जी ऊल-जुलूल बयान दे रहे हैं। इनके कार्यकाल में भले ही भ्रष्टाचारियों का बोलका भले ही न छूटा हो, लेकिन आम जनता और महिलाओं के हाथों का बोकला जरूर पानी भरते-भरते छूट गया है।"
ये रहे मौजूद -
वहीं मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।इस दौरान विन्दू खरवार, मुखलाल चेरो, आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिन्द, अमन पासवान, विवेक जाटव, विनय पासवान, सूरज कनौजिया, संजय बियार, नगेन्द्र धागर, सोमारू पनिका, विजय पटेल, दिनेश चेरो, सत्यम पाण्डेय, सूरज, पवन, अजय, बादल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




