Sonbhadra news : किसान क्रेडिट कार्ड मेगा कैंप का आयोजन, किसानों को वितरित किए गए लाखों रुपये के ऋण
बीपैक्स गयारतवल में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मेगा कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

sonbhadra
3:28 PM, May 27, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। बीपैक्स गयारतवल में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मेगा कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी बैंक के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा ऋण वितरण किया।
मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक योगेंद्रपाल सिंह ने कहा कि सहकारी बैंक और समितियां किसानों के सुख-दुख की सच्ची साथी हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता किसानों और कृषि की प्राणवायु है तथा सहकारी संस्थाओं की गांव-गांव तक पहुंच किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है।
विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर अवधेश सिंह पटेल ने बीपैक्स की सदस्यता बढ़ाने, उर्वरक वितरण, ऋण वितरण और धान खरीद के लक्ष्यों को पूरा करने में सहकारी कर्मचारियों एवं किसानों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में सहकारिता मंत्रालय की सक्रियता से व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है।
सहायक आयुक्त सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह ने भीषण गर्मी के बावजूद किसानों की बड़ी उपस्थिति पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि विभाग किसानों को समय पर खाद, बीज और ऋण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। साथ ही सचिवों से उर्वरक भुगतान समय से सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि खाद संकट जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक राजकुमार यादव ने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से समय पर ऋण भुगतान करने की अपील की।
कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक रॉबर्ट्सगंज प्रमोद राय तथा इफको एसएफए अवनीश पांडेय ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों द्वारा पांच किसानों को कुल 13 लाख रुपये का केसीसी ऋण वितरित किया गया।
इसके पूर्व करमा विकास खंड के बीपैक्स केकराही में आयोजित कैंप में सहायक आयुक्त देवेंद्र कुमार सिंह ने चार किसानों को 12 लाख रुपये का केसीसी ऋण वितरित किया।
कार्यक्रम का संचालन बीपैक्स शिवपुर के सचिव सौरभ सिंह ने किया। इस अवसर पर विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी, बैंक अधिकारी, सचिव और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




