Sonbhadra News : नीति आयोग-जाइका की संयुक्त टीम ने परखा जिले का विकास मॉडल, चतरा ब्लॉक में योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण
भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को नीति आयोग एवं जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने जिले एव......

sonbhadra
6:18 PM, July 17, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को नीति आयोग एवं जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने जिले एवं आकांक्षी ब्लॉक चतरा का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास, पोषण एवं सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए सतत विकास लक्ष्यों को गति देने के लिए तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।
भ्रमण की शुरुआत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक से हुई, जहां जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने प्रतिनिधिमंडल को जनपद में संचालित विकास योजनाओं, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की प्रगति तथा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद संयुक्त टीम ने चतरा विकास खंड में आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
प्रतिनिधिमंडल ने चतरा ब्लॉक के अइलकर गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने निपुण भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों और उपलब्धियों से टीम को अवगत कराया। इसके उपरांत टीम ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों, पोषण व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए।
संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने अपने भ्रमण के दौरान विश्व प्रसिद्ध सलखन फॉसिल्स पार्क का भी दौरा किया। पर्यटन अधिकारी राजेश भारती ने पार्क के ऐतिहासिक एवं भूवैज्ञानिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन इसे वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने स्थानीय रोजगार एवं आजीविका को पर्यटन विकास से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जाइका के प्रतिनिधिमंडल में युमिको ओनिशी, अयुमी मियागावा, हितोमी हमदा, बिनाय पटनायक एवं मोहित सूद, जबकि नीति आयोग की ओर से गौरव कुमार मिश्रा, ब्लॉक विकास अधिकारी रूपेश कुमार मंडल, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी संत पाल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, उप जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी डॉ0 के0एन0 उपाध्याय, डॉ0 जय सिंह, डॉ0 सूर्य प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




