Sonbhadra News : जनपद न्यूज Live की खबर का बड़ा असर, डीएम ने उपसा को दिया फ्लाईओवर पर पाइप लगाने का निर्देश
जनपद न्यूज Live की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। "मानसून की पहली बारिश में बहे प्रशासनिक दावे, फ्लाईओवर फिर बना वाटरफॉल, नगर बना तालाब" शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद जिला प्रशासन.....

जिलाधिकारी चर्चित गोंड......
sonbhadra
2:03 PM, July 1, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद न्यूज Live की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। "मानसून की पहली बारिश में बहे प्रशासनिक दावे, फ्लाईओवर फिर बना वाटरफॉल, नगर बना तालाब" शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्था को फ्लाईओवर के ऊपर लगे जल निकासी पाइपों को तत्काल दुरुस्त कर प्रभावी जलनिकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और जनहित सर्वोपरि है। बारिश के दौरान फ्लाईओवर पर जलभराव जैसी स्थिति किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों एवं एजेंसियों को अपनी जवाबदेही तय करनी होगी।
जिलाधिकारी ने फ्लाईओवर की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि जल निकासी व्यवस्था का तत्काल निरीक्षण कर सभी तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि आगामी बारिश में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बताते चलें कि मानसून की पहली ही बारिश में करोड़ों रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर पर जलभराव और पाइपों से झरने की तरह पानी गिरने से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं जनपद न्यूज Live ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े किए थे। खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित एजेंसी को पाइपों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश जारी कर दिए।




