Sonbhadra News : कागजों में 'हर घर जल', जमीन पर सूखे नल, अब डीएम ने बैठाई जाँच
जल जीवन मिशन की योजनाओं में कागजी खेल और फर्जी पूर्णता प्रमाण पत्रों का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में.......

हर घर नल योजना की समीक्षा बैठक करते डीएम चर्चित गोंड......
sonbhadra
7:30 PM, May 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जल जीवन मिशन की योजनाओं में कागजी खेल और फर्जी पूर्णता प्रमाण पत्रों का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई और चेतावनी दी कि "धरातल पर पानी नहीं और कागजों में योजना पूरी" दिखाने वालों पर अब कठोर कार्रवाई तय है।
डीएम ने मीडिया में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए नेमना, झीलो, सीरसोती, करमघट्टी, पिपरहार, डुमरहर, जिगन्हवा, लीलाडेवा, अरझट, जरहा, रजमिलान, महुली, बीजपुर और डोडहर सहित 14 गांवों में ग्राम प्रधानों द्वारा दिए गए “हर घर जल” पूर्णता प्रमाण पत्रों की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) को तत्काल जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश देते हुए कहा कि यदि फर्जी प्रमाण पत्र, बिना जलापूर्ति योजना पूर्ण दर्शाने अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आई तो संबंधित प्रधान, कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी का रुख बेहद सख्त नजर आया। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में फर्जी रिपोर्टिंग और कागजी प्रगति जनता के साथ सीधा छल है। ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के विपरीत कार्य करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
जल जीवन मिशन के तहत संचालित पंप हाउसों पर लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने और अनियमित विद्युत आपूर्ति पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रभावित पंप हाउस का साप्ताहिक साक्ष्य सहित विवरण प्रस्तुत किया जाए ताकि विद्युत विभाग एवं उच्चाधिकारियों के स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जा सके।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के तहत नियमित जलापूर्ति दर्शाए जा रहे 464 गांवों की स्थलीय जांच कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर प्रगति दिखाना पर्याप्त नहीं, बल्कि हर घर तक नियमित और सुचारु पेयजल पहुंचना जरूरी है।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) अनिल कुमार, डीपीएम टीपीआई राणा प्रताप सिंह, पीएमसी हेड हिमांशु ज्ञनउंत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




