Sonbhadra News : डाला में कचरे की दुर्गंध से सांस लेना दूभर, नपं. अध्यक्ष ने डीएम को सौंपा पत्र
बाहर से कचरा लेकर आ रही वाहनों तथा संयंत्र परिसर में कचरे के निस्तारण जलाने के कारण पूरे नगर क्षेत्र में अत्यधिक तीव्र व असहनीय दुर्गंध फैल रही है।

sonbhadra
3:47 PM, October 6, 2026
- विधायक की पहल के बाद भी नहीं हुआ समाधान
- मंत्री संजीव गोंड का आवास है डाला में
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित अल्ट्राटेक संयंत्र में बाहर से आने वाले कचरे एवं उससे फैल रही असहनीय दुर्गंध से परेशान नगरवासियों की समस्या को लेकर मंगलवार को डाला चेयरमैन ने जिलाधिकारी को पत्रक सौप कर स्थाई समाधान किये जाने की मांग की है ।
जानकारी के मुताबिक डाला नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती कुमारी सहित आधा दर्जन सभासदों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपते हुए अवगत कराया कि स्थानीय नगर क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र द्वारा बाहर से भारी मात्रा में कचरा मंगाकर उसका अनियमित निस्तारण किया जा रहा है। बाहर से कचरा लेकर आ रही वाहनों तथा संयंत्र परिसर में कचरे के निस्तारण जलाने के कारण पूरे नगर क्षेत्र में अत्यधिक तीव्र व असहनीय दुर्गंध फैल रही है। इस बदबू के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है तथा लोगों का घरों में सामान्य रूप से सांस लेना भी दूभर हो गया है। इस गंभीर समस्या से नगर के बच्चों, बुजुर्गों व मरीजों के स्वास्थ्य पर बेहद बुरा असर पड़ रहा है और संक्रामक एवं वसन संबंधी बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उल्लेखनीय है कि इस समस्या के समाधान हेतु बीते दिनांक 21 जून को नगर पंचायत कार्यालय में एक बैठक भी आहूत की गई थी, जिसमें अल्ट्राटेक कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रदूषण और दुर्गंध को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करने का स्पष्ट आश्वासन दिया गया था। परंतु उस बैठक के बाद भी कंपनी द्वारा कोई ठोस या सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया और स्थिति जस की तस बनी हुई है।
आपको बतादें कि इस समस्या को लेकर सदर विधायक भूपेश चौबे ने भी मध्यस्ता की थी लेकिन मामला फिर जिलाधिकारी दरबार पहुँच गया।
हैरान करने वाली बात यह है कि डाला में खुद मंत्री संजीव गोंड का निवास है। ऐसे में जनता परेशान यह लोगों के समझ से परेशान है।
पत्रक सौंपने वालों में नपं. अध्यक्ष सहित सभासद नितेश कुमार, ज्ञानी देवी, बिंदु सिंह, अवनीश देव पांडे, विशाल, संतोष कुशवाहा, बलबीर आदि मौजूद रहे।




