Sonbhadra News : नाली पर अतिक्रमण से थमी सिंचाई, 200 बीघे में धान की रोपाई प्रभावित, किसानों ने डीएम से लगाई गुहार
खरीफ सीजन के बीच चतरा विकास खंड की ग्राम पंचायत संडा में सिंचाई व्यवस्था अतिक्रमण की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। सिंचाई नाली पर कथित दबंगों के अतिक्रमण के चलते करीब 200 बीघे कृषि भूमि तक पानी नहीं.......

नाली पर अतिक्रमण के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते किसान.....
sonbhadra
4:53 PM, August 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । खरीफ सीजन के बीच चतरा विकास खंड की ग्राम पंचायत संडा में सिंचाई व्यवस्था अतिक्रमण की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। सिंचाई नाली पर कथित दबंगों के अतिक्रमण के चलते करीब 200 बीघे कृषि भूमि तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे धान की रोपाई बुरी तरह प्रभावित हो गई है। परेशान किसानों ने आज जिलाधिकारी जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर अतिक्रमण हटवाने और तत्काल सिंचाई व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।
किसान उदय शंकर देव पाण्डेय ने आरोप लगाया कि "कोटास माइनर कुलावा संख्या-13 से निकलने वाली तथा ओरगाई नहर से दक्षिण दिशा की ओर जाने वाली सिंचाई नाली को कुछ लोगों द्वारा पाट दिया गया है। इसके कारण नहर का पानी खेतों तक पहुंचना पूरी तरह बंद हो गया है। समय पर सिंचाई नहीं होने से धान की रोपाई पिछड़ रही है और कई किसानों के खेत अब भी परती पड़े हुए हैं। यह केवल एक नाली का मामला नहीं, बल्कि सैकड़ों बीघे में खड़ी होने वाली फसल और सैकड़ों परिवारों की आजीविका का प्रश्न है। यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो इस वर्ष धान की खेती गंभीर रूप से प्रभावित होगी और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।"
उन्होंने बताया कि "खेती ही उनकी आय का प्रमुख साधन है। फसल खराब होने की स्थिति में बच्चों की पढ़ाई, परिवार के इलाज, शादी-ब्याह और अन्य घरेलू जिम्मेदारियों का निर्वहन करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की तत्काल मौके पर जांच कराकर सिंचाई नाली से अतिक्रमण हटवाया जाए, ताकि खेतों तक पानी पहुंच सके और धान की रोपाई समय से पूरी हो सके।"
प्रदर्शन के दौरान निर्भय शंकर देव पाण्डेय, राजेश कुमार, राम प्रताप सिंह, अतुल कुमार पाण्डेय, विजय शंकर, रमेश कुमार, शिव कुमार पाण्डेय, मार्कण्डेय सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




