Sonbhadra News : खनन हादसे की जांच शुरू, 28 दिसम्बर तक अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) के समक्ष स्वयं उपस्थित होकर बयान व साक्ष्य कर सकते हैं प्रस्तुत
ओबरा तहसील के बिल्ली मारकुण्डी खनन क्षेत्र में स्थित मे० कृष्णा माइनिंग वक्र्स की खदान में 15 नवम्बर 2025 को समय लगभग 3.30 बजे पहाड़ का हिस्सा भसक जाने से मौके पर कई मजदूर दब गए थे।

sonbhadra
7:04 PM, December 13, 2025
सोनभद्र । ओबरा तहसील के बिल्ली मारकुण्डी खनन क्षेत्र में स्थित मे० कृष्णा माइनिंग वक्र्स की खदान में 15 नवम्बर 2025 को समय लगभग 3.30 बजे पहाड़ का हिस्सा भसक जाने से मौके पर कई मजदूर दब गए थे। इस घटना में सात मजदूरों की मौत हो गयी थी। घटना के बाद राजनीतिक दलों ने घटना स्थल का दौरा कर दबाव बनाया तो प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जॉच के आदेश दे दिया। जिसके क्रम में शनिवार को जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) रमेश चन्द्र ने अवगत कराया है कि जनपद सोनभद्र के तहसील व थाना क्षेत्र ओबरा के बिल्ली मारकुण्डी खनन क्षेत्र में स्थित मे० कृष्णा माइनिंग वक्र्स की खदान में 15 नवम्बर,2025 को समय लगभग 3.30 बजे के मध्य खदान/पहाड़ का हिस्सा भसक जाने से मौके पर उसके नीचे मजदूरों के दबने की दुःखद घटना घटित हुई है। उक्त घटना की मजिस्ट्रियल जॉच जिला मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार की जा रही है। उक्त के परिपेक्ष्य में एतदद्वारा जन सामान्य को सूचित किया जाता है कि तहसील व थाना क्षेत्र ओबरा में हुई उपरोक्त घटना के संबंध में यदि किसी व्यक्ति को कोई जानकारी हो अथवा उनके पास कोई साक्ष्यादि उपलब्ध हो तो 28 दिसम्बर, 2025 तक किसी भी कार्य दिवस में कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित न्यायालय कक्ष में अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) के समक्ष स्वयं उपस्थित होकर अपना बयान व साक्ष्य आदि प्रस्तुत कर सकते हैं।




