Sonbhadra News : ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी दरोगा की तबीयत, उपचार के दौरान मौत
जानकारी के अनुसार, सदाशिव राय पुत्र स्वर्गीय राम प्यारे मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी के लिए थाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके सीने और बाजू में तेज दर्द होने लगा।

sonbhadra
5:58 PM, November 17, 2026
संजय भारती (संवाददाता)
शक्तिनगर (सोनभद्र)। थाना शक्तिनगर क्षेत्र के हल्का नंबर-1 में तैनात उपनिरीक्षक सदाशिव राय (57) का मंगलवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सदाशिव राय पुत्र स्वर्गीय राम प्यारे मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी के लिए थाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके सीने और बाजू में तेज दर्द होने लगा। उनकी हालत बिगड़ती देख साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें एनटीपीसी शक्तिनगर स्थित संजीवनी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी सत्येंद्र राय ने बताया कि उपनिरीक्षक सदाशिव राय सुबह ड्यूटी के लिए थाने आए थे। अचानक सीने और बाजू में दर्द होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
बताया गया कि सदाशिव राय मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी थे और वर्तमान में अपने छोटे बेटे के साथ शक्तिनगर स्थित सरकारी आवास में रह रहे थे। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रॉबर्ट्सगंज भेजने की प्रक्रिया में जुटी रही।
सहकर्मियों के मुताबिक, सदाशिव राय सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उनके असामयिक निधन से पुलिसकर्मियों में शोक व्याप्त है, वहीं परिवार में भी कोहराम मचा हुआ है।




