Sonbhadra News : कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न होगी दरोगा भर्ती परीक्षा, एसपी ने परखी व्यवस्था
आगामी 14 व 15 मार्च को आयोजित होने वाली पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दृष्टिगत परीक्षा से संबंधित सामग्री की सुरक्षा एवं गोपनीयता सुनिश्चि......

दरोगा भर्ती परीक्षा से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था परखते एसपी अभिषेक वर्मा....
sonbhadra
12:26 AM, March 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी 14 व 15 मार्च को आयोजित होने वाली पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दृष्टिगत परीक्षा से संबंधित सामग्री की सुरक्षा एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने हेतु मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उस कक्ष का अवलोकन किया, जहां परीक्षा से संबंधित प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट सुरक्षित रूप से संरक्षित रखी गई हैं। इस दौरान वहां पर तैनात सुरक्षा गार्द/पुलिस बल की उपस्थिति एवं सतर्कता की जांच करते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई तथा उन्हें सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई तथा यह सुनिश्चित किया गया कि सभी कैमरे सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं और उनकी निरंतर निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कक्ष के दरवाजों पर लगाए गए सीलबंद ताले, खिड़कियों पर की गई ईंट से चिनाई तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों का भी गहनता से निरीक्षण किया, जिससे परीक्षा से संबंधित सामग्री की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः परिसर में 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए, अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि सुरक्षा में लगे कर्मी पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराई जा सके।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।



