Sonbhadra news : जिला जेल पुल निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण, स्कूली बच्चों और आमजन की सुरक्षा पर दिया गया जोर
चोपन मंडल के शक्ति केंद्र मारकुंडी क्षेत्र में जिला जेल जाने वाले पुल के निर्माण कार्य के चलते उपयोग में लाए जा रहे अस्थायी वैकल्पिक मार्ग की स्थिति का निरीक्षण किया गया।

sonbhadra
1:08 PM, July 28, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। चोपन मंडल के शक्ति केंद्र मारकुंडी क्षेत्र में जिला जेल जाने वाले पुल के निर्माण कार्य के चलते उपयोग में लाए जा रहे अस्थायी वैकल्पिक मार्ग की स्थिति का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल निर्माण के कारण मुख्य मार्ग प्रभावित होने से वैकल्पिक रास्ता कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे स्कूली बच्चों, अभिभावकों, जिला कारागार आने-जाने वाले लोगों तथा स्थानीय ग्रामीणों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान यह विशेष रूप से देखा गया कि नगर पंचायत गुरमा स्थित जय ज्योति इंटर कॉलेज, विंध्य माध्यमिक विद्यालय तथा शिशु शिक्षा निकेतन विद्यालय में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। मार्ग की खराब स्थिति के कारण स्कूल बसों, ऑटो, दोपहिया वाहनों और पैदल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ और गड्ढे होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी मार्ग से जिला कारागार के आसपास के गांवों के निवासी भी आवागमन करते हैं। पुल निर्माण कार्य के चलते यदि वैकल्पिक मार्ग समय रहते दुरुस्त नहीं किया गया तो आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
निरीक्षण के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से वार्ता की गई। इस दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वैकल्पिक मार्ग को शीघ्र ही समतल एवं सुरक्षित बनाया जाएगा, ताकि विद्यालयों की बसों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों तथा अन्य वाहनों का आवागमन बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से हो सके। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और आवश्यक स्थानों पर संकेतक व बैरिकेडिंग लगाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर भगवान दास केसरी मंडल अध्यक्ष चोपन, पिछड़ा मोर्चा मंडल अध्यक्ष जीत यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी मुलायम यादव, रवि गुप्ता सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए, ताकि निर्माण कार्य के साथ-साथ आम नागरिकों और विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




