Sonbhadra news : सिंदुरिया के विद्यालयों में देशभक्ति के रंग में मना स्वतंत्रता दिवस
प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराकर किया गया।

sonbhadra
7:24 PM, August 16, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
--- ध्वजारोहण के बाद बच्चों ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां, वीर शहीदों के बलिदान को किया नमन
चोपन (सोनभद्र)। विकासखंड चोपन के सिंदुरिया स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराकर किया गया। इसके बाद शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने राष्ट्रगान गाकर देश के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर शिक्षा प्राप्त करने और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी। समारोह के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बच्चों को प्रसाद एवं मिष्ठान का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ज्योति सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय की नीतू सिंह, संध्या सिंह, गीता कनौजिया सहित छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




