Sonbhadra News : घंटों खड़ी दिखी भारतीय स्टेट बैंक चोपन शाखा पर आयकर टीम की गाड़ी, चर्चाओं का बाजार गर्म
जनपद के चर्चित बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र से जुड़े आधा दर्जन खनन कारोबारियों के घरों और कार्यालयों पर आयकर विभाग की दर्जनों टीमों द्वारा की जा रही छापेमारी तीसरे दिन भी जारी रही।

sonbhadra
9:39 PM, February 27, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
० बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में आयकर की बड़ी कार्रवाई, तीसरे दिन बैंक खातों की जांच तेज
चोपन (सोनभद्र) । जनपद के चर्चित बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र से जुड़े आधा दर्जन खनन कारोबारियों के घरों और कार्यालयों पर आयकर विभाग की दर्जनों टीमों द्वारा की जा रही छापेमारी तीसरे दिन भी जारी रही। कार्रवाई से खनन क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है और कारोबारियों में बेचैनी देखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर दस्तावेज, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लेन-देन से जुड़े रजिस्टर और अन्य वित्तीय अभिलेख अपने कब्जे में लिए हैं। अधिकारियों द्वारा आय और व्यय के बीच अंतर, टैक्स देनदारी और बैंकिंग लेन-देन की गहन पड़ताल की जा रही है। इसी क्रम में चोपन नगर स्थित एक खनन व्यवसायी के आवास पर चल रही कार्रवाई के तीसरे दिन टीम ने संबंधित खातों की जांच के लिए भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा पहुंचकर बैंक खातों को खंगाला। बताया जा रहा है कि टीम ने पिछले कई वर्षों के ट्रांजेक्शन डिटेल, बड़े लेन-देन और संदिग्ध प्रविष्टियों की बारीकी से जांच की। आयकर अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन से आवश्यक दस्तावेज और खातों का विवरण प्राप्त किया। हालांकि विभाग की ओर से अब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई अभी कुछ और दिनों तक जारी रह सकती है। खनन क्षेत्र में इस बड़ी कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय व्यापारिक और सामाजिक हलकों में भी इस छापेमारी को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। होली पर्व से पहले हुई इस सघन कार्रवाई ने खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल बढ़ा दी है।



