Sonbhadra News : सोनभद्र नगर पालिका क्षेत्र में 43.82 लाख के तीन विकास कार्यों का लोकार्पण
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने इन कार्यों का लोकार्पण कर संबंधित वार्डों के नागरिकों को विकास कार्य समर्पित किए।

sonbhadra
5:36 PM, November 28, 2026
शान्तनु विश्वास
० वार्ड 19, वार्ड 01 और वार्ड 09 में सड़क व नाली निर्माण कार्य जनता को समर्पित
सोनभद्र । नगर पालिका परिषद सोनभद्र के सीमा क्षेत्र में राज्य वित्त आयोग मद से लगभग 43.82 लाख रुपये की लागत से कराए गए तीन विकास कार्यों का शनिवार, 28 नवंबर को लोकार्पण किया गया। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने इन कार्यों का लोकार्पण कर संबंधित वार्डों के नागरिकों को विकास कार्य समर्पित किए।
लोकार्पित कार्यों में वार्ड नंबर 19 ब्रह्मनगर में रामनरेश चौहान के घर से विष्णु बरनवाल के घर तक सीसी रोड निर्माण, वार्ड नंबर 01 दलित बस्ती महाल में लखन के घर से कमला के घर तक आरसीसी नाली एवं सीसी रोड निर्माण तथा वार्ड नंबर 09 में नहर से नगर पालिका के शौचालय तक सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं। इन तीनों कार्यों पर कुल लगभग 43.82 लाख रुपये की लागत आई है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से शुरू किए जा रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों में कराए जा रहे कार्यों को शीघ्र पूरा कर लोकार्पण के माध्यम से जनता को समर्पित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद पूरे क्षेत्र में जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी तत्परता से कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे नागरिकों को जल्द ही इनका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में स्थानीय सभासद प्रतिनिधि आनंद चौरसिया, धर्मराज जैन, सभासद अनवर अली, राजन सोनी, संजय जायसवाल, अजय गुप्ता, अमित दूबे तथा नगर पालिका के अवर अभियंता राजकुमार राव एवं कृष्ण मोहन प्रजापति सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




