Sonbhadra News : हिंदी दिवस पर आयोजित गोष्ठी में एसडीएम ने राजकीय एवं दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर दिया जोर
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि हिंदी केवल भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी पहचान, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है।

sonbhadra
5:59 PM, September 14, 2026
राजा/रमेश (संवाददाता)
दुद्धी (सोनभद्र) । हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को दुद्धी प्रेस क्लब के तत्वावधान में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस परिसर में गोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि हिंदी केवल भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी पहचान, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को सामने लाने तथा लोगों को आपस में जोड़ने में हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में हिंदी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। दैनिक जीवन के साथ-साथ राजकीय एवं कार्यालयी कार्यों में भी हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग किया जाना चाहिए, जिससे हिंदी के सम्मान को और बढ़ावा मिल सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि हिंदी देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाली भाषा है। इसके प्रचार-प्रसार और सम्मान की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक वर्ग की है। म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड ने ग्रामीण अंचलों में हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरल भाषा के माध्यम से शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित किया जा सकता है।
राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश भारती ने हिंदी के साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक योगदान पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने हिंदी को जन-जन की भाषा बताते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने स्थानीय पत्रकारों को डायरी एवं पेन भेंटकर सम्मानित किया। पत्रकारों के सम्मान से समारोह में मौजूद पत्रकारों एवं अतिथियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन दुद्धी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रमेश यादव ने किया। इस अवसर पर क्लब के संरक्षक उपेंद्र कुमार तिवारी, सचिव रवि सिंह, जगतनारायण विश्वकर्मा,इब्राहिम खान, विमल यादव, दैवी शक्ति राजा, सेराजुल, मनीष,ओमप्रकाश रावत,विवेक, सेराज खान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार, प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




