Sonbhadra news : “जनपद न्यूज़ live की खबर का असर: 24 घंटे में जागा विभाग, लेकिन आधी सफाई ने खोल दी व्यवस्था की पोल!”
कृष्णशिला वर्कर्स क्लब के बाहर फैले कचरे और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबर का असर 24 घंटे के भीतर दिखाई दिया।

sonbhadra
9:53 AM, September 10, 2026
संजय भारती (संवाददाता)
-- कृष्णशिला वर्कर्स क्लब के बाहर आधा कचरा हटाया गया, बाउंड्री के किनारे अब भी गंदगी का अंबार
बीना (सोनभद्र)। जनपद न्यूज़ live द्वारा कृष्णशिला वर्कर्स क्लब के बाहर फैले कचरे और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबर का असर 24 घंटे के भीतर दिखाई दिया। खबर का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग की ओर से सफाई कर्मियों को मौके पर भेजकर कचरा हटाने की कार्यवाई शुरू कराई गई।
हालांकि, मौके की स्थिति देखने पर सफाई व्यवस्था अभी भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हुई है। मुख्य हिस्से से कचरा हटाया गया, लेकिन बाउंड्री वॉल के किनारे और आसपास काफी गंदगी अब भी दिखाई दे रही है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
सिर्फ सामने की सफाई, बाकी गंदगी जस की तस
स्थानीय लोगों का कहना है कि खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग की सक्रियता अच्छी पहल है, लेकिन आधी-अधूरी सफाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। बाजार समाप्त होने के बाद बड़ी मात्रा में कचरा जमा होता है और पर्याप्त कूड़ेदान नहीं होने के कारण वह दोबारा सड़क किनारे फैल जाता है।
सफाई कर्मियों की सुरक्षा पर भी सवाल
मौके पर सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के बिना काम करते देख लोगों ने चिंता जताई। स्थानीय लोगों ने मांग की कि सफाई के दौरान कर्मचारियों को दस्ताने, मास्क, जूते सहित जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
डस्टबिन और नियमित सफाई की उठी मांग
कृष्णशिला वर्कर्स क्लब के आसपास सप्ताह में दो बार बाजार लगने की बात स्थानीय लोगों ने कही है। ऐसे में उनकी मांग है कि बाजार स्थल पर बड़े डस्टबिन लगाए जाएं और बाजार खत्म होते ही कचरा उठाने के लिए नियमित टीम तैनात की जाए।
स्थानीय लोगों की प्रमुख मांगें—
पूरे क्षेत्र की सम्पूर्ण सफाई कराई जाए।
बाजार स्थल पर पर्याप्त बड़े डस्टबिन लगाए जाएं।
बाजार समाप्त होते ही कचरा उठाने की व्यवस्था हो।
सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
केवल औपचारिक कार्रवाई के बजाय स्थायी स्वच्छता व्यवस्था लागू की जाए।
अब आधी सफाई नहीं, पूरी कार्यवाई की जरूरत
जनपद न्यूज़ live की खबर के बाद विभाग का 24 घंटे में सक्रिय होना असरदार कार्यवाई जरूर है, लेकिन अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि बची हुई गंदगी भी पूरी तरह हटाई जाएगी और भविष्य में कचरा दोबारा जमा न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था की जाएगी।




