Sonbhadra News : सिटी म्यूचुअल बैंक के नाम पर धोखाधड़ी करने पर आरोपी की लगभग 1 करोड़ 31 लाख रुपये की अचल संपत्ति कुर्क
एक निजी बैंक खोलकर निवेशकों को भारी लाभ का प्रलोभन देकर करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी की लगभग 1 करोड़ 31 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क की ।

sonbhadra
7:43 PM, July 21, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र । एक निजी बैंक खोलकर निवेशकों को भारी लाभ का प्रलोभन देकर करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी की लगभग 1 करोड़ 31 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क की । पुलिस अधिकारी ने बताया कि उक्त कार्यवाही अनपरा थाना की पुलिस द्वारा की गई l
पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि भागीरथी मौर्या पुत्र रमापति मौर्या निवासी मिर्जापुर, वर्तमान पता रेणुकूट सोनभद्र द्वारा सिटी म्यूचुअल बैंक के नाम से एक बैंक खोला गया था । उन्होंने बताया कि आरोपी ने क्षेत्र के भोले भाले निवेशकों को भारी मुनाफे का प्रलोभन देकर उनसे करोड़ों रुपया अपने बैंक में जमा कराया लेकिन जमा की अवधि पूर्ण होने पर खाता धारकों की धनराशि उन्हें वापस नहीं की । सी ओ ने बताया कि विवेचना में पता चला कि अभियुक्त ने धोखाधड़ी से अर्जित धनराशि से संपत्ति क्रय की है l उन्होंने बताया कि उक्त कार्यवाही पुलिस द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर न्यायालय के आदेश के आधार पर की गई l पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि आरोपी की जनपद के मुर्धवा स्थित आराजी संख्या 55 ग, 0.0195 हेक्टेयर , कीमत 1755000 रुपया , उसी के बगल में स्थित भवन कीमत लगभग 10960276 रुपया एवं दुद्धी स्थित भूमि आराजी संख्या 97 क, रकबा 0.273 हेक्टेयर कीमत लगभग 410000 कुल 1 करोड़ 31 लाख 25 हज़ार 2 सौ 76 रुपये कीमत की अचल संपत्तियाँ कुर्क की गईं l




