Sonbhadra News: ओबरा में हाइड्रा मशीन से हुआ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा प्रशासन
प्रतिमा विसर्जन के दौरान सबसे खास बात यह रही कि लोगों को गहरे पानी में उतरने से बचाने के लिए नगर पंचायत ओबरा की ओर से हाइड्रा मशीन की व्यवस्था की गई। इसके माध्यम से प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया।

sonbhadra
9:41 AM, October 22, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । नगर पंचायत ओबरा क्षेत्र में दुर्गा पूजा संपन्न होने के बाद विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा सहित माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन खैरटिया बांध पर किया जा रहा है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम जारी रहा। इस दौरान पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान सबसे खास बात यह रही कि लोगों को गहरे पानी में उतरने से बचाने के लिए नगर पंचायत ओबरा की ओर से हाइड्रा मशीन की व्यवस्था की गई। इसके माध्यम से प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया, जिससे श्रद्धालुओं को पानी में उतरने की आवश्यकता नहीं पड़ी। प्रशासन की इस व्यवस्था का उद्देश्य विसर्जन कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना रहा। विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सीओ प्रभात राय, प्रणय प्रसून श्रीवास्तव तथा नगर पंचायत ओबरा के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई। पुलिस प्रशासन की टीम विसर्जन स्थल पर मुस्तैद रही, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बताया जाता है कि प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से पहले ही आवश्यक रूपरेखा तैयार कर ली गई थी। विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई और आवागमन के रास्ते को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई। नगर पंचायत की टीम ने रास्ते को व्यवस्थित बनाने और साफ-सफाई की व्यवस्था पर ध्यान दिया, जिससे प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक पहुंचाने में सहूलियत रही। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को कुछ पूजा पंडालों की प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं हो पाया था। ऐसे में बुधवार को शेष पंडालों की प्रतिमाओं का विसर्जन दोपहर से किया जा रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को विदाई दी। प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से की गई व्यवस्थाओं के चलते विसर्जन कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न कराने का प्रयास सफल रहा। इस दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी गईं।




