Sonbhadra News : सपने बड़े हों तो संसाधनों की कमी मायने नहीं रखती, अभ्युदय सेंटर में डीएम-सीडीओ ने बढ़ाया हौसला
आर्थिक संसाधनों की कमी अब जिले के प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों में बाधा नहीं बनेगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अवसर और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से............

sonbhadra
6:26 PM, August 20, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आर्थिक संसाधनों की कमी अब जिले के प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों में बाधा नहीं बनेगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अवसर और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करते हुए छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कोचिंग सेंटर में UPSC, NEET, JE समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को निःशुल्क मार्गदर्शन और शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। शुभारंभ कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए अपनी सफलता की यात्रा और तैयारी के अनुभव साझा किए।
प्रतिभा को अवसर देने की पहल -
राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ऐसे प्रतिभाशाली और मेहनती युवाओं के लिए बड़ा अवसर है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है। विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में शामिल होकर इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मजबूत संकल्प और निरंतर प्रयास के सामने सफलता की राह में आने वाली बाधाएं ज्यादा देर टिक नहीं सकतीं। मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही युवाओं को मंजिल तक पहुंचाएगा।
डीएम बोले- कोचिंग नहीं, स्वाध्याय और मेहनत तय करती है सफलता
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने बिना कोचिंग के पहली कोशिश में परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोचिंग केवल मार्गदर्शन का माध्यम है, जबकि सफलता का वास्तविक आधार स्वाध्याय, अनुशासन, सही रणनीति और निरंतर अभ्यास है।
उन्होंने अभ्यर्थियों को परीक्षा के पाठ्यक्रम और पैटर्न को समझकर तैयारी शुरू करने, सीमित और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री चुनने तथा दैनिक अध्ययन की ठोस कार्ययोजना बनाने की सलाह दी। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास, समय प्रबंधन और नियमित स्वमूल्यांकन को सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
डीएम ने कहा कि दूसरे अभ्यर्थियों से तुलना करने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने पर ध्यान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि लक्ष्य स्पष्ट रखें, खुद पर भरोसा रखें और हर दिन अपनी तैयारी को थोड़ा बेहतर बनाएं। संसाधनों की कमी सफलता की सीमा तय नहीं करती, बल्कि परिश्रम और दृढ़ संकल्प सफलता तय करते हैं।
UPSC में दूसरी रैंक का अनुभव भी साझा किया -
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विद्यार्थियों से अपने UPSC में द्वितीय रैंक प्राप्त करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बड़ी सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि रोजाना ईमानदारी, अनुशासन और निरंतरता से किए गए प्रयासों का नतीजा होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के अनुरूप समय-सारिणी बनाकर उसका नियमित पालन करने और कठिन विषयों से भागने के बजाय उन पर अतिरिक्त मेहनत करने की सलाह दी। असफलता या कम अंक मिलने पर निराश होने के बजाय उसकी समीक्षा कर तैयारी में सुधार करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन का कोई विकल्प नहीं है। अपनी क्षमता पर विश्वास रखते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहें। सही दिशा में की गई नियमित मेहनत निश्चित रूप से लक्ष्य के करीब ले जाती है।
संसाधनों के अभाव में नहीं रुकेगी प्रतिभा -
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग, मार्गदर्शन और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। अधिकारियों ने युवाओं से योजना का अधिकतम लाभ उठाते हुए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
ये अधिकारी भी रहे मौजूद -
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, एमजी रवि सहित शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




