Sonbhadra news : म्योरपुर में नवभारत साक्षरता परीक्षा में सैकड़ों निरक्षरों ने किया प्रतिभाग
नवभारत साक्षरता कार्यक्रम में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता परीक्षा का आयोजन परीक्षा केंद्र- प्राथमिक विद्यालय म्योरपुर प्रथम सहित विभिन्न केन्द्रो पर कीया गया।

sonbhadra
7:07 PM, September 21, 2025
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर। विकास खण्ड म्योरपुर के विद्यालयों में संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता परीक्षा का आयोजन परीक्षा केंद्र- प्राथमिक विद्यालय म्योरपुर प्रथम सहित विभिन्न केन्द्रो पर कीया गया। परीक्षा में लगभग 800 से अधिक नवसाक्षर सम्मिलित हुए।खण्ड शिक्षा अधिकारी विकास खण्ड -म्योरपुर सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के असाक्षर व्यक्तियों को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान प्रदान कर साक्षर करने के लिये उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुसार प्रदेश में साक्षरता दर बढ़ाने के लिये 15 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के ऐसे असाक्षर को साक्षर करने के लिये उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
एआरपी अजय कुमार ने बताया कि यूनेस्को की परिभाषा अनुसार, जिन्हे मुद्रित एवं लिखित सामग्री का उपयोग करके पहचानने, समझने, व्याख्या करने, बनाने, संवाद करने और गणना करने की क्षमता नहीं है उन्हें नव भारत साक्षरता अभियान के तहत साक्षर किया जाना है, देशभर में यह कार्यक्रम वर्ष-2022 से वर्ष-2027 तक संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में वर्ष में 2 बार "बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जाती है।
मूल्यांकन कुल 150 अंकों का होगा, जिसमें पढ़ने के लिए 50 अंक, लिखने के लिए 50 अंक और गणित के लिए 50 अंक निर्धारित किए गए हैं।
प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने पर ही परीक्षार्थी को उत्तीर्ण माना जाएगा। भारत सरकार ने शिक्षार्थियों के लिए कुल 5 अंक के ग्रेस मार्क्स का प्रावधान किया है। यदि कोई शिक्षार्थी तीनों भागों में 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करता है, तो इन 5 अंकों को एक से अधिक भागों में विभाजित कर ग्रेस मार्क्स दिए जा सकेंगे, जिससे उन्हें उत्तीर्ण माना जा सके। 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त होने पर संबंधित के परीक्षा परिणाम में सुधार की आवश्यकता दर्शाई जाएगी।
उक्त परीक्षा ब्लॉक म्योरपुर में निर्धारित 40 सेंटरो पर आयोजित कराई गयी।
परीक्षा को सफल बनाने में संकुल प्रभारी प्रहलाद वर्मा, शारदा प्रसाद, सीमा, सर्वेश गुप्ता,एआरपी- विवेक झा, शिव प्रिया, विजय पाल, कृष्ण कान्त, शिक्षक- शिव मूर्ति, महेंद्र प्रताप, अवध बिहारी आदि की अहम भूमिका रही।




