सोनभद्र । जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत बेहद भयावह तस्वीर पेश कर रही है। अग्निशमन विभाग के आंकड़े ही बता रहे हैं कि जिले में संचालित 60 होटल और रेस्टोरेंट में से सिर्फ 26 के पास वैध फायर एनओसी है, जबकि कई नामचीन सहित 34 प्रतिष्ठान खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि विभागीय रिकॉर्ड में दर्ज इन 60 प्रतिष्ठानों के अलावा जिले में सैकड़ों होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, बैंक्वेट हॉल और रेस्टोरेंट संचालित हैं, जिनकी सुरक्षा व्यवस्था का कोई ठोस रिकॉर्ड तक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यदि कहीं आग लगने की बड़ी घटना हो जाए तो दर्जनों नहीं, बल्कि सैकड़ों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।