Sonbhadra News : होटल-गेस्ट हाउस समेत हॉस्पिटैलिटी इकाइयों की होगी जांच, डीएम ने बुलाई बैठक
जिले में संचालित होटल, मोटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला, बैंक्वेट हॉल, मैरेज सेंटर, रिजॉर्ट और ढाबों की सुरक्षा व्यवस्था अब प्रशासन की निगरानी में होगी।

sonbhadra
7:36 PM, September 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• फायर एनओसी और सराय एक्ट के तहत पंजीयन की होगी समीक्षा
• डीएम ने संचालकों को अभिलेखों के साथ किया तलब
सोनभद्र। जिले में संचालित होटल, मोटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला, बैंक्वेट हॉल, मैरेज सेंटर, रिजॉर्ट और ढाबों की सुरक्षा व्यवस्था अब प्रशासन की निगरानी में होगी। हॉस्पिटैलिटी इकाइयों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन और नियमानुसार पंजीयन की स्थिति परखने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने समीक्षा बैठक बुलाई है।
कलेक्ट्रेट सभागार में 8 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में जिलेभर की हॉस्पिटैलिटी इकाइयों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजामों और वैधानिक पंजीयन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। खासतौर पर फायर एनओसी तथा सराय एक्ट-1867 के तहत पंजीयन की अद्यतन स्थिति प्रशासन के रडार पर रहेगी।
अभिलेखों के साथ पहुंचेंगे संचालक -
बैठक के लिए होटल, मोटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला, बैंक्वेट हॉल, मैरेज सेंटर, रिजॉर्ट और ढाबा संचालकों एवं प्रबंधकों को अपने प्रतिष्ठानों से संबंधित अभिलेखों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा यह देखा जाएगा कि संबंधित इकाइयां निर्धारित सुरक्षा मानकों और पंजीयन संबंधी नियमों का पालन कर रही हैं या नहीं।
सुरक्षा मानकों पर प्रशासन की नजर -
हॉस्पिटैलिटी इकाइयों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए अग्नि सुरक्षा और वैधानिक पंजीयन को लेकर प्रशासन ने सख्ती का रुख अपनाया है। बैठक के दौरान अभिलेखों की स्थिति के साथ-साथ फायर एनओसी और सराय पंजीयन से जुड़े मामलों की जानकारी ली जाएगी।




