Sonbhadra News : मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक चालक की मौत, घंटों लगा जाम
मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर गुरुवार शाम डीजल टैंकर और कोयला लदे ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में ट्रक चालक की मौत हो गई।

sonbhadra
6:29 AM, August 7, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र)। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर गुरुवार शाम डीजल टैंकर और कोयला लदे ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और औद्योगिक संस्थानों से लौट रहे कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब छह बजे मुर्धवा से लगभग दो किलोमीटर पहले जंगल क्षेत्र में सड़क किनारे एक खराब ट्रक खड़ा था। इसी दौरान ढलान से आ रहा कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे डीजल टैंकर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर सड़क पर आड़ा हो गया और मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
हादसे में ट्रक चालक श्याम (60), निवासी रॉबर्ट्सगंज, ट्रक के केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकालकर हिंडालको अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर रेणुकूट चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का कार्य शुरू कराया। यातायात पुलिस ने डायवर्जन की व्यवस्था कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। देर रात तक मार्ग को पूरी तरह सुचारु करने की कार्रवाई जारी रही।




