Sonbhadra News : सामाजिक-पारिवारिक रिश्तों को जोड़ने का पर्व है होली- डीएम
जिलाधिकारी ने कहा कि होली पर्व न केवल जीवन में मिठास घोलता है बल्कि यह सामाजिक रिश्तों को एक सूत्र में जोड़े रखने में भी अहम भूमिका अदा करता है।

होली मिलन समारोह में दीप प्रज्ज्वलित करते मुख्य अतिथि
sonbhadra
6:24 PM, March 20, 2025
आनंद चौबे/राहुल सिंह (संवाददाता)
■ होली मिलन समारोह में फूलों की पंखुड़ियों ने बिखेरी सतरंगी छटा
■ होली के नगमों-फाग गीतों ने देर तक बनाए रखा मस्ती का दौर
सोनभद्र । सोनभद्र इलेक्ट्रानिक एवं डिजिटल मीडिया एसोसिएशन की तरफ से जिला मुख्यालय (राबटर्सगंज) स्थित अरिहंत होटल में आयोजित होली मिलन समारोह, अमिट छाप छोड़ने वाला रहा। कार्यक्रम के दौरान जहां फूलों की होली एक अलग ही छटा बिखेरती नजर आई। वहीं, फाग गीतों की मस्ती में झूमती युवाओं की टोली और समाज को एकसूत्र में पिरोए रखने वाले इस पर्व पर जिले के आला अफसरों की तरफ से रिश्तों को जोड़े रखने के दिए गए संदेश ने कार्यक्रम को यादगार बनाकर रख दिया। हवा में घुलती फूलों के पंखुड़ियों की खूशबू, भारतीय संस्कृति से जुड़े आयोजन, शब्दों में घुली मिठास और मिमिक्री के जादू ने ऐसी शमां बांधी कि कब आधी रात हो गई पता ही नहीं चला।
बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी बीएन सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा, सीडीओ जागृति अवस्थी, सीएमओ डा. अश्वनी कुमार, नेशनल मिमिक्री स्टार अभय शर्मा ने विघ्नहर्ता गणेश की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि होली पर्व न केवल जीवन में मिठास घोलता है बल्कि यह सामाजिक रिश्तों को एक सूत्र में जोड़े रखने में भी अहम भूमिका अदा करता है।
डॉ शिवकुमार शास्त्री ने स्वस्तिवाचन और गणेश वंदना के जरिए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया । आयोजन समिति ने डीएम, एसपी, सीडीओ, सीएमओ और मिमिक्री स्टार को बैज अलंकरण, कुमकुम, माला,पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम् और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं कार्यक्रम में आए सभी पत्रकारों को गुलदस्ता भेंट कर आभार जताया।
नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय जैन ने सभी अतिथियों को मानस और बुके से अलंकृत किया। मिमिक्री स्टार अभय शर्मा, नर सेवा नारायण सेवा के संयोजक मनोज चौबे और संगीत प्रवीण जावेद अली, वरिष्ठ पत्रकार सुनील तिवारी, आकाशवाणी कलाकार सत्यप्रकाश पाठक ने जहां एक से बढ़कर एक फाग गीत, होली के नगमे गुनगुनाए। वहीं, कौशल शर्मा ने बचपन से जु़ड़ी यादों को गीतों में पिरोकर, शमां बांधे रखी। नाल पर संगत सुधांशु की रही। इस दौरान जीएम अवाडा रविंद्र कुमार अग्रवाल और मंच संचालक भोलानाथ मिश्र का सारस्वत सम्मान किया गया।




