Sonbhadra News : तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने युवक क़ो रौंदा, मौत
बीती रात रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के धर्मशाला चौराहे के पास बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। युवक दोस्तों के घर से पार्टी कर पैदल ही घर जा रहा था, घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार..

सड़क दुर्घटना की एनीमिटेड फोटो
sonbhadra
9:20 PM, January 4, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बीती रात रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के धर्मशाला चौराहे के पास बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। युवक दोस्तों के घर से पार्टी कर पैदल ही घर जा रहा था, घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने जेब से मिले कागजात के आधार पर युवक की पहचान कर घरवालों को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, नगर के नई बस्ती वार्ड निवासी एकलाख अहमद का पुत्र मुहम्मद अली उर्फ विक्की (30वर्ष) मुंबई में रखकर प्राइवेट नौकरी करता था, बीते एक जनवरी को वह घर आया था। शुक्रवार की शाम वह दोस्तों के साथ पार्टी करने की बात कह घर से निकला था। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसके नंबर पर फोन मिलाया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। दोस्तों से संपर्क करने पर काफी पहले ही घर के लिए निकलने की जानकारी मिली। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे, इस बीच पुलिस ने उन्हें विक्की का शव धर्मशाला चौक पर मिलने की सूचना दी। वाहन की चपेट में आने से उसे गंभीर चोट आई थी। आस-पास के लोगों के मुताबिक युवक बेकाबू ट्रक की चपेट में आ गया था।उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। विक्की को दो बहनें हैं, जिसमें एक की शादी हो चुकी है। पिता एकलाख अहमद दिव्यांग हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी विक्की के ही कंधे पर थी।
सदर कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि "शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया है।चौराहे के आस-पास भवनों पर लगे सीसी टीवी कैमरों की जांच कर वाहन की पहचान कराई जाएगी। तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।"




